चीन ने पर्दे के पीछे रहकर ईरान को सीजफायर के लिए राजी किया, ऐसा दावा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद किया है. ट्रंप ने कहा है कि उनका मानना है कि चीन ने ईरान को बातचीत के लिए मनाया है. साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि तेहरान के संवर्धित यूरेनियम का “पूरी तरह से ध्यान रखा जाएगा.” वहीं चीन ने कहा है कि वो खाड़ी और मध्य पूर्व में शांति और सुरक्षा बहाल करने में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा. मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की पूरी सभ्यता को मिटाने की धमकी दी थी लेकिन देर रात उन्होंने दो हफ़्ते के युद्धविराम की घोषणा की.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार तड़के ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की. समाचार एजेंसी एएफ़पी से टेलीफ़ोन पर बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम में चीन की भूमिका को स्वीकार किया है.समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या समझौते के लिए चीन ने ईरान को मनाया है? इस सवाल पर ट्रंप ने कहा, “हां उन्होंने किया है.” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने बीजिंग दौरे पर जाने वाले हैं जहां पर वो चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मुलाक़ात करेंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर चीन के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बुधवार को कहा कि एक ज़िम्मेदार बड़े देश के तौर पर, चीन खाड़ी और मध्य पूर्व में शांति और सुरक्षा बहाल करने में रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा और योगदान देता रहेगा.
माओ निंग से एक पत्रकार ने पूछा था कि क्या वो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन को लेकर दिए गए बयान की पुष्टि करेंगी. साथ ही उनसे पूछा गया था कि चीन इसमें शामिल था तो समझौते के किन बिंदुओं पर सहमति बनी है.
इस पर चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया लेकिन उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से चीन शांति को बढ़ावा देने और युद्ध को रोकने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है.
साथ ही उन्होंने बताया कि चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने संबंधित देशों के विदेश मंत्रियों के साथ लगातार 26 बार फ़ोन पर बातचीत की है. मध्य पूर्व के मुद्दे पर चीनी सरकार के विशेष दूत ने भी मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र का कई दौरा किया है.
ट्रंप के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच पहले से विवाद के लगभग सभी अहम मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन यह दो सप्ताह का समय समझौते को अंतिम रूप देने और औपचारिक तौर पर लागू करने के लिए दिया जाएगा.
ट्रंप का दावा है कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने पर राज़ी हो गया है जिसके बाद युद्धविराम किया जा रहा है.



A WordPress Commenter
Hi, this is a comment.
To get started with moderating, editing, and deleting comments, please visit the Comments screen in the dashboard.
Commenter avatars come from Gravatar.